



- कार्यक्रम के तहत 50 से अधिक ट्रांसजेंडर बीजेपी में शामिल हुए
- फरवरी महीने में होने वाले महानगरपालिका चुनाव जीतने की तैयारियां शुरूं
- 6 महानगरपालिका के लिए 21 फरवरी और नगरपालिका-पंचायतों के लिए 28 फरवरी को मतदान होना है
गुजरात में भाजपा ने फरवरी महीने में होने वाले महानगरपालिका चुनाव जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाना शुरू कर दिया है। चुनाव अभियान के तहत शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी अधिक से अधिक सद्स्यों को पार्टी से जोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में आज वडोदरा शहर में ट्रांसजेंडर समुदाय को भी पार्टी से जोड़ने का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 50 से अधिक ट्रांसजेंडर बीजेपी में शामिल हुए।

‘गे’ राजकुमार मानवेंद्र सिंह गोहिल भी बने भाजपाई
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राजपीपला की रॉयल फैमिली ‘गे’ राजकुमार मानवेंद्र सिंह गोहिल रहे, जिन्होंने इसी कार्यक्रम के दौरान भाजपा का दामन थाम लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा, आज भी ट्रांसजेंडर समुदाय को समाज में बराबरी का दर्जा नहीं मिल सका है।

अपने अधिकारों के लिए चुनाव लड़ने भी तैयार
गुजरात में ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रमुख मानवेंद्र सिंह गोहिल ने कहा कि हम इसी आशा के साथ भाजपा पार्टी के साथ जुड़े हैं कि राजनीति के जरिए ट्रांसजेंडर समुदाय को समाज में बराबरी का दर्जा दिला सकें। हम अपने अधिकारों के लिए चुनाव लड़ने भी तैयार हैं।

देश के पहले ‘गे’ राजकुमार हैं गोहिल
गुजरात में राजपीपला राजघराने के युवराज मानवेंद्र सिंह गोहिल देश के पहले ऐसे राजकुमार हैं, जिन्होंने अपने ‘गे’ होने की बात खुद स्वीकारी थी। मानवेंद्र सिंह गोहिल समलैंगिकों व ट्रांसजेंडर्स के हितों के लिए कुछ न कुछ काम करते रहते हैं। उन्होंने राजपीपला में समलैंगिकों के लिए एक वृद्धाश्रम भी स्थापित किया है।

कब होने हैं गुजरात में चुनाव
अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, जामनगर और भावनगर नगर निगम में चुनाव के लिए वोट 21 फरवरी को डाले जाएंगे। इन मतों की गणना 23 फरवरी को होगी। वहीं, 31 जिला पंचायत, 231 तहसील पंचायत और 81 नगरपालिकाओं के लिए 28 फरवरी को मतदान होगा। इनकी गिनती 2 मार्च को होगी।